महाराजनगर/सीतापुर। तालगांव व कसरैला पावर हाउस से जुड़े करीब सौ गांवों में दो दिन से बिजली गुल है। 33 केवी लाइन में खराबी आने से दिक्कत हुई है। लंबा समय बीत जाने के बाद भी लाइन दुरुस्त नहीं हो सकी है। इसकी वजह से लोगों को काफी दुश्वारियां उठानी पड़ रही है।
तालगांव व कसरैला पावर हाउस से रविवार से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे एक सैकड़ा से अधिक गांव प्रभावित हो रहे है। हुसैनगंज से 33 केवी लाइन निकली हुई है। यह कहीं पर ब्रेकडाउन हो गई है, जिससे तालगांव व कसरैला पावर हाउस से जुड़े करीब एक सैकड़ा गांवों में दो दिन से बिजली आपूर्ति न होने से दिक्कतें उत्पन्न हो गई है। 33 केवी लाइन में फाल्ट आने पर दोनों पावर हाउसों के कर्मचारियों को फाल्ट सही करने की जिम्मेदारी दी गई है।
अफसर व कर्मचारी फाल्ट को सही करने में रुचि नहीं ले रहे है। जिसके चलते इस भीषण गर्मी में लोग बेहाल हो रहे है। दोनों पावर हाउस पर 24 लाइनमैन तैनात है। फिर भी समय से फॉल्ट सही नहीं हो पाने पर ग्रामीण उपभोक्ताओं को खामियाजा उठाना पड़ रहा है। यह समस्या इन दोनों पावर हाउसों पर आए दिन बनी रहती है। अवर अभियंता ओमकार सिंह ने बताया कि सोमवार को सप्लाई चालू नहीं हो पाएगी। मंगलवार को आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।