सीतापुर में गोड़ैचा चौराहे से महमूदाबाद मार्ग पर बहता बाढ़ का पानी। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
रेउसा/सदरपुर (सीतापुर)। तराई में शारदा व सरयू नदी के बाद अब चौका व किवानी नदियों का भी जलस्तर कम होने लगा है। पानी कम होने से सदरपुर-गोडै़चा मार्ग पर बने रपटा पुल पर गुरुवार सुबह आवागमन शुरू हो गया। लेकिन पुल पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। उधर, शाम के समय पुल के पास सड़क कटने से फिर आवागमन बंद कर दिया गया। रेउसा इलाके में जलस्तर कम होने के बाद अब कटान का खतरा मंडराने लगा है।
सदरपुर इलाके में चौका व किवानी नदियों के जलस्तर में कमी आई है। सदरपुर-गोड़ैचा मार्ग पर बकहुंआ बाजार से आगे रपटा पुल पर बुधवार को अचानक बाढ़ का पानी भर गया। इसकी वजह से आवागमन बंद कर दिया गया था। गुरुवार को जलस्तर में कमी होने पर सुबह आवागमन शुरू कर दिया गया था लेकिन भारी वाहनों को पुल से जाने की अनुमति नहीं मिली। जलभराव के कारण रपटा पुल के पास सड़क कट गई है। इसकी वजह से शाम को फिर से आवागमन बंद कर दिया गया।
गोड़ैचा चौराहे से महमूदाबाद हाईवे पर अलनापुर से पर्वतपुर तक सड़क पर पानी बह रहा है। इससे लोगों को इस मार्ग से आवागमन में दिक्कतें आ रही है। बिसवां तहसील के म्योढ़ी छोलहा, पासिनपुरवा में जलस्तर कम होने के बाद अब कटान का खतरा मंडराने लगा है। गांव से कुछ दूर पर नदी बह रही है। लहरपुर व तंबौर इलाके के गांवों से अब पानी हट गया है।
बाढ़ के बाद फैल रहे रोग
रेउसा (सीतापुर)। नदियों का जलस्तर कम होने के बाद अब संक्रामक रोग फैलने लगे है। रेउसा के वीआईपी नगर निवासी उत्कर्ष व केवलपुरवा निवासी मुल्लू को कई दिनों से बुखार आ रहा था। पहले तो प्राइवेट चिकित्सकों को दिखाया, उसके बाद जांच कराई। जिसमें दोनों बच्चों को डेंगू निकला है। इस पर इनका इलाज निजी चिकित्सालयों में चल रहा है।