सीतापुर। ई-श्रम कार्ड योजना में सीतापुर जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान कायम किया है। आवेदन के आखिरी दिन तक जिले में 15 लाख 85 हजार 557 लोगों ने आवेदन किए हैं। इन लोगों के खातों में अब सीधे रकम भेजी जाएगी। प्रदेश में पहले स्थान पर जौनपुर, दूसरे पर प्रयागराज है, जबकि तीसरे नंबर पर सीतापुर जिला पहुंचा है।
ई-श्रम कार्ड योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक आवेदक को 500 रूपये प्रतिमाह देने की घोषणा की है। इसके तहत लोगों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2021 थी। आखिरी दिन आवेदन करने वालों की इतनी अधिक भीड़ जुट गई, कि वेबसाइट ही चलनी बंद हो गई। लोग आवेदन करने के लिए जूझते रहे। आखिरी दिन तक की बात की जाए तो जिले में 15 लाख 85 हजार 557 लोगों ने आवेदन किए हैं।
इन सभी लोगों को सीधे दो माह की किश्त एक साथ दी जाएगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी विश्वदेव भारती ने बताया कि योजना के तहत 25 दिसंबर तक आवेदन करने वाले 9.75 लाख लोगों को तीन जनवरी को इनके खातों में एक साथ दो माह का भत्ता एक हजार रूपये सीधे ट्रांसफर किया जाएगा। अन्य लाभार्थियों को बाद में लाभ दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि निकल चुकी है। आवेदन करने के मामले में सीतापुर जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।