सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 के 10वीं व 12वीं के प्रेक्टिकल एग्जाम बुधवार से आधी अधूरी तैयारियों के बीच शुरू होंगे। परीक्षा की तिथि तय होने के बाद अभी तक शासन से एवार्ड लिफाफा नहीं पहुंच सके हैं जबकि इस लिफाफे में रखे प्रपत्र पर ही परीक्षक परीक्षा का मूल्यांकन करते हैं। विभाग का कहना है मूल्यांकन ऑनलाइन भी होगा। लिफाफे आने की भी उम्मीद हैं। ऐसे में जब बुधवार को एग्जामनर पहुंचेंगे तो उनको परीक्षा कराने में व्यवधान उत्पन्न होगा। यूपी बोर्ड परीक्षा की लेकर कवायद शुरू हो गई है।
अभी परीक्षा की तिथि घोषित नहीं हो सकी है। प्रेक्टिकल शुरू होने जा रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि बोर्ड परीक्षा फरवरी माह के आखिर व मार्च माह के प्रथम सप्ताह में शुरू हो सकती है। 15 फरवरी तक जिले में प्रेक्टिकल परीक्षा कराई जाएगी। इस परीक्षा से पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग एक लिफाफा डीआईओएस को मुहैया कराता है। इस लिफाफा में एग्जामनर की नियुक्ति व कुछ प्रपत्र होते है।
इन प्रपत्रों पर ही परीक्षक विद्यार्थी का मूल्यांकन करके अंक चढ़ाते है। लेकिन यह अभी तक विभाग को प्राप्त नहीं हो सके है। जबकि परीक्षकों की नियुक्ति शासन स्तर से कर दी गई है। परीक्षकों के आने की सूचना माध्यमिक शिक्षा विभाग को न देकर सीधे प्रत्येक कॉलेज को उसकी आईडी पर सीधे भेज दी गई है। अब कॉलेज परीक्षक की डिटेल देकर उनको फोन करके आने की जानकारी लेंगे।
उसके बाद शिड्यूलवार बोर्ड प्रेक्टिकल कराए जाएंगे। इस आधी अधूरी तैयारी से प्रेक्टिकल एग्जाम पर असर पड़ेगा। विभाग इससे कोई खास असर नहीं पड़ने की बात कह रहा है। विभाग का कहना है यह अंक ऑनलाइन भी दर्ज किए जाएंगे।
30 अंकों का होगा प्रेक्टिकल
बोर्ड परीक्षा में 30 अंक का प्रेक्टिकल होगा। 70 अंकों की लिखित परीक्षा कराई जाएगी। इन दोनों अंकों को मिलाकर मेरिट तैयार होगी। इसलिए प्रेक्टिकल एग्जाम का रिजल्ट पर विशेष महत्व रहता है। अगर लिखित पेपर कठिन आ गया, उसमें कम नंबर आए तो प्रेक्टिकल में अच्छे नंबर मिलने से मेरिट ठीक ठाक बन सकती है। एक एग्जामनर को एक कॉलेज में प्रेक्टिकल लेने में दो से तीन दिन का वक्त लग जाता है।
स्कूल प्रबंधकों का कहना है कि एक एग्जामनर एक दिन में 30 विद्यार्थियों का ही प्रेक्टिकल ले पाते हैं। एक विद्यार्थी पर 15-20 मिनट का समय लग जाता है। ऐसे में दो से तीन दिन तक लगातार प्रेक्टिकल कराए जाते है। यह छात्र संख्या पर भी निर्भर करता है। आखिर कितने विद्यार्थियों का एग्जाम होना है।
396 कॉलेजों में होगी प्रायोगिक परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा विभाग का कहना है कि 396 कॉलेजों में प्रेक्टिकल एग्जाम कराए जाएंगे। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट को मिलाकर करीब 50 हजार विद्यार्थियों के एग्जाम होंगे। इन कॉलेजों में आने वाले एग्जामर की सूचना कॉलेजों को मिल गई है। एग्जामनर कब आ रहे हैं, उसी के अनुसार यह एग्जाम कराएंगे।
प्रेक्टिकल परीक्षा की तैयारी पूर्ण हो गई है। लिफाफे नहीं आए है, वह भी आ जाएंगे। एग्जामनर के पास भी प्रपत्र होते हैं। 15 फरवरी तक एग्जाम हो जाएंगे।
- देवी सहाय तिवारी, डीआईओएस