आंख अस्पताल मार्ग के पास तहसील गेट के सामने लगे जाम को खुलवाते शहर कोतवाल टीपी सिंह। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। मतगणना में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग और बल्लियों के कारण आंख अस्पताल रोड पर चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। एक ओर का रास्ता बंद किए जाने के कारण एक ओर से ही वाहन और पैदल राहगीर निकल रहे थे। सुबह होते ही इस मार्ग पर जाम लगना शुरू हो गया। वह दोपहर करीब एक बजे तक लगा रहा। काफी देर तक चौपहिया वाहन जाम में फंसे रहे। दो पहिया वाहन चालकों को भी खड़ा रहना पड़ा।
मंगलवार को सदर तहसील परिसर में मतगणना हो रही थी। सुबह आठ बजे से ही मतगणना शुरू हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से आंख अस्पताल मार्ग पर स्थित तहसील गेट के पास लालबाग चौराहे से बाई ओर पड़ने वाले मार्ग को बल्लियों और बैरिकेडिंग के जरिये बंद कर दिया गया। इस रूट पर कई बैंक और शापिंग मॉल हैं। इस कारण यहां सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही। दो पहिया वाहनों के कारण उनके पीछे चार पहिया वाहन काफी देर तक खड़े रहे।
इस दौरान यातायात और शहर कोतवाली पुलिस ने काफी हद तक जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक वाहन होने के कारण दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही। पास स्थित दुकानों पर लोगों ने रोज की तरह ही अपनी बाइकें खड़ी कर दी थी। जिनको पुलिसकर्मियों ने हटवाया। मतगणना खत्म होने करीब डेढ़ घंटे बाद मार्ग बहाल किया गया। जिससे लोगों को निजात मिली।
टीआई फरीद अहमद ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग को बंद किया गया था। मतगणना के बाद खोल दिया गया था। कुछ देर काफी जाम रहा, जिसे पुलिसकर्मियों की मदद से हटवाया गया।
दुकानदारों का व्यापार हुआ ठप
बाई ओर स्थित मार्ग पर छोटे दुकानदार अपनी दुकान लगाते हैं। रास्ता बंद होने के कारण आम लोग उस रास्ते पर नहीं आ सकते थे। दुकानदारों ने सुबह से ही अपनी दुकान खोल दी थी, लेकिन दोपहर तक उनकी दुकान पर एक भी ग्राहक नहीं पहुंचा, कुछ दुकानदारों ने तो दुकान भी नहीं खोली।