सीतापुर में सदर बाजार पीएचसी पर मरीज देखते चिकित्सक। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन घटती ही जा रही है। कहीं पर चार तो कहीं 17 मरीज ही आ रहे हैं। जब मरीज कम आ रहे है तो चिकित्सक समय से पहले ही ताला बंद करके निकल रहे हैं।
अमर उजाला ने रविवार को आरोग्य मेले का जायजा लिया तो मेला केवल दिखावा साबित हुआ है। यह मेला जनपद के 66 उपकेंद्रों पर आयोजित हुआ। शाम चार बजे तक मेले के आयोजन के निर्देश है। लेकिन उपकेंद्रों पर तैनात चिकित्सक समय से पहले ही केंद्र बंद कर रहे है। शहर के दुर्गापुरवा की हालत तो बहुत ही खराब है। यह कभी पूरे समय नहीं खुलता है, अगर खुलता है तो मरीजों की संख्या बेहद कम रहती है।
मेले में मरीजों की संख्या बढ़ने के बजाए अब घटती ही जा रही है। यह हाल शहर से लेकर गांव कस्बों तक बना हुआ है। मेला प्रभारी एसीएमओ डॉ. उदय प्रताप ने बताया, सभी जगहों पर मेले का आयोजन हुआ है। आने वाले मरीजों को दवाइयां दी जा रही है। ठंडक बढ़ने के साथ ही मरीजों की संख्या घटने लगी है।
मेले में महज चार मरीजों का हुआ इलाज
पिसावां सीएचसी के तहत जलालनगर उपकेंद्र पर डॉ. रजनीश के नेतृत्व में मेले का आयोजन हुआ। वहां पर मरीजों की संख्या बेहद कम रही। रविवार को पूरे दिन में महज चार ही मरीज इलाज कराने पहुंचे। पीएचसी बरगांवा में डॉ. संजीव कुमार मरीज का इंतजार करते रहे। दिनभर में केवल 17 मरीज ही आए।
एक बजे बंद मिला केंद्र
शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गापुरवा एक बजे बंद मिला। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि रविवार को इस केंद्र का ताला तक नहीं खुला था। जब अमर उजाला की टीम दो बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस्माइलपुर पहुंची तो वहां पर चिकित्सक केंद्र बंद करके निकल रहे थे। सदर बाजार प्राथमिक केंद्र पर दो बजे चिकित्सक मरीज का इलाज कर रहे थे।