मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली इलाके से अपने घर मछरेहटा जा रहे एक बाइक सवार को बदमाशों ने धंधारी के जंगल में रोक कर नकदी व मोबाइल लूट लिया। मौका पाकर पीड़ित बाइक समेत वहां से भाग निकला। घटना की सूचना पुलिस देने के बाद भी मिश्रिख और मछरेहटा की पुलिस पीड़ित को दो दिनों तक सीमा विवाद बताकर थानों के चक्कर लगवाती रही। आखिरकार सीओ के हस्तक्षेप के बाद मछरेहटा पुलिस ने अपने इलाके में वारदात होने की बात स्वीकार की है।
27 फरवरी को मछरेहटा के बहादुरपुर निवासी रजनीश कुमार अपनी बाइक पर सवार होकर मिश्रिख से अपने घर वापस लौट रहा था। धंधारी के जंगल में पहुंचने पर जिंदबाबा स्थान के निकट पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोक कर पास मौजूद चार हजार रुपया की नकदी व मोबाइल लूट लिया। बदमाशों की पकड़ ढीली पड़ने पर रजनीश बाइक लेकर मौके से भाग निकला।
मामले की सूचना पीड़ित ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई करने के बजाय सीमा विवाद में उलझ गई। दो दिनों तक पीड़ित रजनीश मछरेहटा और मिश्रिख कोतवाली के चक्कर लगाता रहा, लेकिन कहीं भी उसकी कोई फरियाद नहीं सुनी गई। मामला जब सीओ मिश्रिख के पास पहुंचा तो उन्होंने सीमा विवाद का मामला सुलझाते हुए मछरेहटा पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।