लहरपुर। नगर के मोहल्ला टांडा सालार में बृहस्पतिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ की मौत हो गई। टांडा सालार निवासी रामभूखन (50) अपने घर से महजिदिया की ओर पैदल जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। घायल को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
ट्रक की बाॅडी फटी, टला हादसा
जहांगीराबाद। सदरपुर में शीशा लादकर जा रहे एक ट्रक की बॉडी अचानक फट गई। गनमीत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रक शीशा लादकर राजस्थान के भीलवाड़ा से खलीलाबाद जा रहा था। बृहस्पतिवार को सीतापुर-बहराइच मार्ग पर जहांगीराबाद कस्बे से जाते समय अचानक ट्रक की बाॅडी पुरानी होने के कारण बीच से फट गई। इससे शीशा ट्रक से निकलकर काफी दूर बिखरता चला गया। बदायूं निवासी चालक दिगपाल ने हादसे की आशंका के चलते ट्रक रोक दिया था। पुलिस ने शीशे को हटवाया है।