सीतापुर। बसंत पंचमी के अवसर पर शनिवार को जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, मां सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। भंडारे में प्रसाद का वितरण हुआ। स्कूलों में पूजन अर्चन के बाद नए दाखिले की शुरूआत हुई। जेल रोड स्थित गायत्री माता मंदिर में सुबह के समय लोगों ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना करके प्रसाद वितरित किया। नैमिषारण्य के श्रीराम साधना आरण्यक में विश्व कल्याण के लिए गायत्री परिवार द्वरा गायत्री महामंत्र का जाप कराया गया। श्री श्री सार्वजनिन दुर्गा पूजा समिति द्वारा रम्पा रोड पर डॉ. देवेन्द्र विश्वास के आवास पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा हुई।
पुरोहितों ने कहा बच्चों की शिक्षा प्रारंभ करने या किसी नई कला की शुरुआत के लिए इस दिन को काफी शुभ माना जाता है। सरस्वती पूजा के बाद दो छोटे नन्हें बच्चों ने पढ़ाई की शुरुआत की। हवन आरती, प्रसाद वितरण व भंडारे के साथ पूजा का समापन हुआ। इस दौरान एनएन चटर्जी, रंजीत दास, आकाश राय कई मौजूद रहे। मिश्रिख संवाद के अनुसार महर्षि दधीचि तीर्थ पर नव निर्मित सांई मंदिर में सांई राम की प्राण प्रतिष्ठा की गई। पुजारी देवनारायण ने सांई राम की शोभा यात्रा कस्बे में निकाली। मौके पर मुख्य अतिथि नैमिष व्यास पीठाधीश कुमार शास्त्री, महादेव मिश्रा, संजीव वर्मा, शशि वर्मा, राकेश मिश्रा, रामशंकर वर्मा आदि उपस्थित रहे।
सिधौली संवाद के अनुसार, बसंत पंचमी पर कस्बे के स्वामी विवेकानंद शिक्षण संस्थान में मां सरस्वती का विशेष पूजन अर्चन किया। सरस्वती वंदना का गायन कर ज्ञानदायिनी से सभी को सद्बुद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। आनंदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पूजन हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. हरिपाल सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. लता सिंह, डॉ. अजीत सिंह, संभाग निरीक्षक सुरेश सिंह व अध्यक्ष सुभाष चंद्र अग्निहोत्री ने पुष्पार्चन किया। प्रधानाचार्य रामनिवास सिंह, आचार्य डॉ. विद्यानंद मिश्र व आचार्य सत्यव्रत शुक्ल ने हवन पूजन किया। बसंत पूजन के अवसर पर 30 छात्रों ने सरस्वती पूजन करके नवीन सत्र में प्रवेश के लिए विद्यालय में अपना पंजीकरण कराया।
सुमित्रा स्कूल में मां सरस्वती की विधि विधान से पूजा अर्चना हुई। कस्बा स्थित श्री कुंज बिहारी लाल सरस्वती ज्ञान मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में आध्यात्मिक सत्संग व भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बाबा जयगुरुदेव के अनुयायी महिला पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया। अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक व समाजसेवी डॉ. श्याम किशोर वर्मा ने की। मुख्य वक्ता संजय कुमार वर्मा ने कहा कि शाकाहारी स्वभाव रखो, शाकाहारी विचार और कर्म से ही मानव खुशहाल होगा, तभी भगवान का भजन कर सकेंगे। आयोजक व विद्यालय प्रबंधक वीरेन्द्र कुमार यादव, परमेश कुमार यादव, रावेन्द्र कुमार वर्मा, डीपी सिंह, अजय यादव, अजय वर्मा आदि मौजूद रहे।
नैमिषारण्य स्थित गोपाल दास वेद वेदांग संस्कृत माध्यमिक विद्यालय पहला आश्रम में चौरासी कोसीय परिक्रमा समिति अध्यक्ष महंत भरत दास के सानिध्य में 21 ब्राह्मण बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार किया गया। आत्मानन्द संस्कृत शिक्षण संस्थान में संस्थापक आचार्य सर्वेश शुक्ल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 21 बालकों को वैदिक विधि से यज्ञोपवीत संस्कार में सम्मिलित किया गया। श्री हनुमत संस्कृत शिक्षण संस्थान आवासीय गुरुकुल विद्यालय में 21 ब्रह्मचारियों का यज्ञोपवीत संस्कार किया गया। सत्यनारायण मंदिर की प्रमुख रामानुज कुमारी माता के सानिध्य में मधुर कृष्ण बालाजी संस्कृत विद्यालय में ब्राह्मण बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार किया गया।