फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बंद रहा बेअसर, किसानों ने किया प्रदर्शन

विज्ञापन
आंख अस्पताल मार्ग पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी। - संवाद - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
सीतापुर। संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का असर जिले में नहीं दिखा। प्रतिदिन की तरह सभी प्रमुख बाजार, मॉल के साथ ही अन्य प्रतिष्ठान खुले रहे। बाजारों में रौनक रही। आवागमन जारी रहा। किसान संगठनों ने धरना प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए ज्ञापन दिए। मोर्चा ने शहर में मार्च निकाला और धरना दिया। प्रशासन व पुलिस की मुस्तैदी से शांति व्यवस्था बनी रही। डीएम-एसपी भी जायजा लेते रहे।
विज्ञापन

संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था, लेकिन जिले में इसका कोई असर नहीं दिखा। शहर स्थित लालबाग, पड़ाव, घंटाघर, ग्रीकगंज आदि स्थानों पर दुकानें खुली रहीं। रोज की तरह लोगों ने खरीदारी की। मॉल सहित अन्य प्रतिष्ठान भी खुले रहे। जिले के तहसील एवं ब्लाक क्षेत्रों में बंदी का असर नहीं दिखा।
सभी प्रमुख स्थानों पर प्रशासन एवं पुलिस बल तैनात रहा। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर शहर में जुलूस निकाला गया। विकास भवन के सामने धरना दिया गया। छह सूत्रीय ज्ञापन म्यूनिस्पल मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क के समक्ष एसडीएम सदर को दिया। धरने को किसान नेता उमाशंकर यादव ने संबोधित किया।
विज्ञापन

महासचिव डॉ. बृज बिहारी ने कहा, अगर मोदी सरकार गरीबों को राशन बंद करेगी तो गरीब मजदूर भारत बंद करेंगे। आत्मजीत सिंह ने पीएम आवास घोटाले की जांच की मांग उठाई। मिश्रिख संवाद के अनुसार तहसील क्षेत्र में भारत बंद का असर नहीं रहा। सभी दुकानें खुली रहीं। ब्लॉक परिसर में पीएसी जवान मौजूद रहे।
लहरपुर संवाद के अनुसार, क्षेत्र में बंद का असर कहीं दिखाई नहीं पड़ा। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस बल को तैनात रहा। एसडीएम पीएल मौर्य, क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव, थानाध्यक्ष मानपुर मोहम्मद रफीक ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
महमूदाबाद संवाद के अनुसार सभी दुकानें खुली रहीं। भारतीय किसान यूनियन द्वारा एसडीएम को रामकुंड चौराहे पर ज्ञापन दिया गया। भारत बंद के समर्थन में जिला पंचायत गेस्ट हाउस में संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक की। महोली संवाद के अनुसार क्षेत्र में सभी प्रतिष्ठान खुले रहे। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष आनंद प्रताप की अगुवाई में बड़ागांव कस्बे मेें कृषि कानूनों के विरोध मेें कृषि मंत्री को संबोधित ज्ञापन बड़ागांव बाजार में कोतवाल अतुल कुमार तिवारी को सौंपा।
गोंदलामऊ संवाद के अनुसार संदना कस्बे में सभी दुकानें खुली रहीं। तंबौर संवाद के अनुसार, साप्ताहिक बंदी के बाद भी खानपान, मेडिकल स्टोर, अन्य दुकानें खुली रहीं। पिसावां, कुतुबनगर संवाद के अनुसार रोज की तरह दुकानें खुली रहीं।
मिला-जुला असर रहने का किया दावा
संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा भारत बंद की लालबाग शहीद पार्क में समीक्षा की गई। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा दावा किया गया जिले में भारत बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। पिंदर सिंह सिद्धू ने कहा, जिला मुख्यालय से लेकर तहसील क्षेत्रों तक बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। गुरु पाल सिंह, अल्पना सिंह, नीलम प्रजापति, गुड्डी सिंह, शैलेन्द्र राज, दिव्य सिंह, दिनेश शुक्ला ने भी विचार रखे। बैठक में निर्णय लिया गया जिले में जिला प्रशासन द्वारा धान क्रय केंद्र एक अक्टूबर से शुरू कर दिए जाएं।
डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा
डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह भारत बंद को लेकर अलर्ट पर रहे। दोनों अफसर खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शहर की सड़कों पर निकले। डीएम-एसपी ने जंक्शन और खैराबाद टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए गए। हर गतिविधियों पर नजर रखने को कहा।
पुराने शहर के कजियारा में बंद रहीं दुकानें
भारत बंद के समर्थन में पुराने शहर के मोहल्ला कजियारा चौराहा के अधिकांश दुकानदारों ने एकजुटता दिखाई। फुटपाथ पर कपड़े बेचने समेत अन्य दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं, जबकि मॉल खुला रहा। साथ कुछ अन्य बड़ी दुकानें खुली रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें