सीतापुर। जिला अस्पताल में लगा हेल्थ एटीएम सिर्फ दिखावा बनकर रह गया है। हेल्थ एटीएम से महज ब्लड प्रेशर की जांच हो रही है। इससे तुरंत जांच की आस लेकर आने वाले मरीजों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। मंगलवार को करीब 50 मरीज बिना जांच कराए ही लौट गए।
मरीजों को तत्काल जांच की सुविधा देने के लिए जिला अस्पताल में करीब छह माह पहले हेल्थ एटीएम लगाया गया था। इस एटीएम के जरिए 20 से अधिक जांचें होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन कभी भी इस एटीएम से पूरी जांचें नहीं हो सकी हैं।
मंगलवार को खैराबाद से जांच करवाने आए रमेश ने बताया कि सुबह चिकित्सकों को ओपीडी में दिखाया तो उन्होंने कहा कि हेल्थ एटीएम से जाकर तुरंत जांच करवाकर आ जाओ। फिर आपको देखते हैं। जब जांच करवाने पहुंचे तो हेल्थ एटीएम खराब मिला। इसके बाद वह पैथाेलॉजी में आए और सैंपल दिया। दो बजे के बाद रिपोर्ट मिली। तब तक ओपीडी बंद हो चुकी थी। इससे अब बुधवार को फिर आना पड़ेगा। इसी तरह हर्ष भी शुगर की जांच करवाने के लिए पहुंचे,। लेकिन वह भी बिना जांच के ही लौट गए।
मंगलवार को भी नहीं मिला इलाज
सीतापुर। जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग में मंगलवार को भी ताला लटका रहा। विकास नगर से आए मयंक ने बताया कि तीन दिन से दांत के दर्द से बहुत परेशान हूं। कोई डॉक्टर नहीं मिल रहा है। मजबूरी में वापस लौटना पड़ रहा है। इसी तरह 20 से अधिक मरीज बिना इलाज के ही लौट गए।
दूर होगी समस्या
दंत रोग विभाग के फार्मासिस्ट अभी बीमार हैं। हेल्थ एटीएम में किट की जानकारी नहीं है। अगर कमी है तो इसे दूर करवाया जाएगा।
डॉ. आरके सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल