हरगांव (सीतापुर)। कस्बे में क्राॅसिंग को बंदकर ओवरब्रिज पर गार्डर डालने का काम मंगलवार को फिर से शुरू हो गया। पहले से ही जानकारी होने से लोगों ने परिवर्तित रूट को चुनते हुए ही सफर किया। मंगलवार को कस्बे में बंदी का दिन होने के चलते भीड़भाड़ भी कम ही रही।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर गोरखपुर कपिल प्रसाद ने बताया कि रेलवे क्राॅसिंग 99 पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अधूरा रह गया था जिसे दो चरणों में पूरा किया जाना है। एक व दो अप्रैल को पिलरों पर जरूरी सामान चढ़ाया जाएगा। बुधवार की रात से गार्डर रखने शुरू कर दिए जाएंगे। मंगलवार को सुबह छह बजे से छह अप्रैल तक प्रथम चरण में क्राॅसिंग बंद रहेगी। फिर 13 से 18 अप्रैल तक दोबारा आवागमन बंद कर दिया जाएगा।
सीतापुर से लखीमपुर खीरी जाने वाले समस्त मालवाहक, भारी वाहन बिजवार पुल से न जाकर सीधे महोली होते हुए मैगलगंज, मितौली, कस्ता, बेहजम से छाऊ चौराहा होकर लखीमपुर खीरी पहुंचे। वहीं बस व छोटे वाहन बिजवार पुल से होकर हरगांव तक गए फिर उनको हरगांव में स्थित महोली तिराहा से बाएं मोड़कर काजी कमालपुर चौराहा से होते हुए लखीमपुर खीरी की ओर भेजा गया। इसी चौराहे से लहरपुर केसरीगंज होते हुए भी वाहन गुजरे गए।