पिसावां (सीतापुर)। पिसावां इलाके के हदीरा गांव में फैला संक्रामक रोग अब जानलेवा होता जा रहा है। सोमवार को बुखार से दादी व पोते की मौत हो गई। एक सप्ताह में अब तक दादी पोते समेत छह लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। गांव में 40 से अधिक लोग बुखार की चपेट में है। इससे ग्रामीणों में बुखार को लेकर दहशत व्याप्त है।
हदीरा गांव में बुखार का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गांव की रामरती (66) व पोता विवेक (16) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। ये लोग प्राइवेट चिकित्सालयों में इलाज करा रहे थे लेकिन फायदा नहीं हो रहा था। रामरती की बुखार के चलते मौत हो गई। परिजन रामरती का अंतिम संस्कार करके घर वापस आ रहे थे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद विवेक की भी मौत हो गई।
इससे गांव में हड़कंप मच गया। एक सप्ताह में बुखार के बीरेश (35), नंदलाल (70), महारानी (78) विकास (16) की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया, एक सप्ताह पहले स्वास्थ्य टीम गांव आई थी। टीम द्वारा दी गई दवा खाने से कई लोगों को खुजली व शरीर में दाने पड़ने की शिकायत हुई थी। तबसे ग्रामीण सरकारी दवाई के बजाय प्राइवेट डॉक्टरों से इलाज करा रहे हैं, जबकि 40 लोग बुखार से बीमार चल रहे हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि टीम बराबर हदीरा गांव जा रही है। सोमवार को भी टीम गांव गई थी। मौतों के बारे में जानकारी नहीं मिली है।