सीतापुर। पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को 12 से 20 दिसंबर तक कोटे की दुकानों से राशन अनाज का वितरण किया जाएगा। पहली बार कार्डधारियों को अनाज के साथ ही नमक, चना व रिफाइंड सोयाबीन ऑयल भी मुफ्त मिलेगा। इस संबंध में डीएसओ की तरफ से वितरण कार्य को पूरी तरह पारदर्शिता के साथ कराने का निर्देश सभी राशन दुकानदारों व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को दिया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद ने बताया समस्त अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को दिसंबर से मार्च 2022 तक नियमित राशन निशुल्क दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक कार्ड धारक को एक-एक किग्रा. नमक, चना और एक लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का निशुल्क वितरण किया जाएगा। यह वितरण 12 दिसंबर से किया जाएगा।
राशन व आवश्यक वस्तुओं का निशुल्क वितरण 20 दिसंबर तक कराया जाएगा। राशन कार्ड धारकों को पोर्टिबिलिटी के अन्तर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा अनुमन्य होगी, लेकिन आयोडाइज्ड नमक, साबुत चना, रिफाइंड सोयाबीन आयल के वितरण में पोर्टेबिलटी की सुविधा अनुमन्य नहीं होगी।
कार्ड धारक इन तीनों वस्तुओं को अपनी मूल दुकान से ही प्राप्त कर सकेंगे। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन अनाज प्राप्त न कर सकने वाले उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल ओटीपी के माध्यम से वितरण सम्पन्न किया जाएगा।