फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फायरिंग में सगे भाई समेत चार घायल

विज्ञापन
अटरिया इलाके के सोनरतला मजरा दक्खिन गांव में हुई वारदात के बाद मौजूद गांव की महिलाएं। - संवाद - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार की रात भाई ने जीजा और अन्य लोगों के साथ मिलकर बहन की ससुराल में धावा बोल दिया। रॉड से हमलाकर कई राउंड फायरिंग की। घटना में दो सगे भाई और मां-बाप घायल हो गए। भाई अपनी बहन को जबरन ससुराल से उठा ले गया। कोर्ट मैरिज से नाराज होकर वारदात अंजाम दी गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायरिंग में घायल दोनों भाइयों की हालत को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

अटरिया इलाके के सोनरतला मजरा दक्खिन गांव निवासी रामनरेश ने एक साल पहले रामपुर कलां इलाके के एक गांव की युवती से कोर्ट मैरिज की थी। शनिवार रात युवक घर में सो रहा था। उसके पिता पुत्तीलाल अपने भाई घर के पास बाहर सो रहे थे। उनका कहना है कि आधी रात को करीब छह लोग आ गए और उन्हें जगाकर बेटे रामनरेश के बारे में पूछा। इसके बाद दबाव बनाकर घर का दरवाजा खुलवाया।
आरोप है कि दरवाजा खुलते ही दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रामनरेश की मां राजरानी (55) घायल हो गईं। आरोप है कि दबंगों की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई, इससे रामनरेश (30), उसका भाई देशराज (22) गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी हैं। घटना में पुत्तीलाल (58) घायल हो गए हैं।
विज्ञापन

आरोप है कि कई राउंड फायरिंग करने के बाद दबंग रामनरेश की पत्नी विनीता (23) को जबरन ससुराल से उठा ले गए। सूचना पाकर एएसपी साउथ एनपी सिंह, सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव, एसओ अटरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना को लेकर रामनेरश के पिता पुत्तीलाल ने पुलिस को तहरीर दी है। विवाहिता के भाई रामपुर कलां इलाके के लौकीपुर गांव निवासी रोहित, सिधौली इलाके के भिठौरा गांव निवासी जीजा मंटू, संदना के अलीनगर निवासी जीजा सुनील समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। बताया कि उसके बेटे ने कोर्ट मैरिज कर ली थी, इससे नाराज होकर घटना को अंजाम दिया गया है।
एसओ अटरिया महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। घायल दोनों भाई रामनरेश, देशराज ट्रॉमा सेंटर रेफर हैं। मामले में जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही आरोपी पकड़ में होंगे।
विवाहिता रिश्तेदारी में मिली, जीजा-साले हिरासत में
अटरिया इलाके में शनिवार की रात घटना के बाद विवाहिता को उठाकर लाने वाले आरोपी भाई और उसके जीजा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विवाहिता को भी पुलिस ने खोज निकाला है। एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि विवाहिता को मानपुर में एक गांव में रिश्तेदारी में रखा था। उसे ढूंढ लिया गया है। बताया कि नामजद रोहित, मंटू पुलिस की हिरासत में हैं। पूछताछ की जा रही है।
अपहरण नहीं, मर्जी से गई थी
एएसपी ने बताया कि विवाहिता ने कुबूला कि वह अपनी मर्जी से भाई के साथ गई थी। उसको उठाकर नहीं ले जाया गया। बताया कि उसके पति मारपीट करते थे। इसलिए भाई और जीजा को बुलाया था। वहां आने पर विवाद बढ़ने पर घटना हो गई। एएसपी का कहना है कि कोर्ट में बयान कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें