गोंदलामऊ क्षेत्र के नटवल ग्रंट में बुखार से पीड़ित अर्चना। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
औरंगाबाद (सीतापुर)। विकासखंड गोंदलामऊ इलाके के नटवलग्रंट व निजामपुर में संक्रमण तेजी से पांव पसारने लगा है। इन दोनों गांवों में 25 से अधिक लोग बुखार से बीमार है। गांवों में अभी तक स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई टीम नहीं पहुंची है। इससे मरीज प्राइवेट चिकित्सकों से इलाज करवाने को मजबूर हैं।
नटवलग्रंट व निजामपुर में पिछले एक सप्ताह के भीतर कई लोग बुखार की चपेट में आ गए। इन लोगों ने पहले प्राइवेट चिकित्सकों को दिखाया है, लेकिन इनको कोई फायदा नहीं हुआ है। इससे यह लोग घर पर ही मजबूरी में इलाज करा रहे है।
ग्रामीणों का कहना है गांव में सीएचसी की तरफ से अभी कोई टीम नहीं आई है। न ही किसी की डेंगू व मलेरिया की जांच हो सकी है। नटवलग्रंट में जहां 15 लोग बीमार चल रहे हैं, वहीं निजामपुर में 10 लोग बीमार है। बुखार से परेशान सावनी, सुशील, अर्चना, रामदेवी का कहना है, गांव में सरकारी स्तर से कोई इलाज नहीं मिल रहा है।