सीतापुर। जिले के पीएम और सीएम आवास योजना के लाभार्थियों के लिए बुधवार का दिन खुशियों से भरा रहा। चयनित जरूरतमंदों को नवनिर्मित घर में प्रवेश करने के लिए अफसरों के साथ जन प्रतिनिधियों ने ताला-चाबी दिया। इससे उनके चेहरे खिल उठे। जिला मुख्यालय से लेकर सभी ब्लॉकों में ताला-चाबी दी गई। लाभार्थियों को सीएम के वर्चुअल संवाद का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
पीएम एवं सीएम आवास योजना ग्रामीण लाभार्थियों के लिए वर्चुअल गृह प्रवेश कार्यक्रम को आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ अक्षत वर्मा एवं पीडी डीआरडीए एके सिंह ने ब्लॉक एलिया के खगेसियामऊ निवासी प्रहलाद, बसेती के रामू, भोगीपुर के शिवराज, अल्लीपुर अल्लीरजा की निर्मला एवं खैराबाद के ग्राम भिमरी के रमेश चंद्र, रमाकांत अवस्थी, सुभाष चंद्र, सत्यप्रकाश, वारिस गुलाम, सरवरपुर केसरिया की अश्वनी देवी, मस्तराम, फूलमती को मकान की चाबी दी।
खैराबाद संवाद के अनुसार ब्लॉक पर ग्रह प्रवेश एवं चाभी वितरण का कार्यक्रम में सौ लाभार्थियों को चाबी वितरित की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन महरोत्रा, ब्लाक प्रमुख अजय कुमार विश्वकर्मा, बीडीओ चंद्रभान, अनूप कुमार विश्वकर्मा, प्रधान व बीडीसी मौजूद रहे। महाराजनगर संवाद के अनुसार ब्लॉक परसेंडी परिसर में आवास लाभार्थियों को मुख्य अतिथि विधायक सुनील वर्मा ने टीवी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिभाषण व लाभार्थियों से वार्ता कार्यक्रम के बाद एक सैकड़ा लाभार्थियों को चाबी दी।
महमूदाबाद संवाद के अनुसार बुधवार को विकासखंड महमूदाबाद परिसर में मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद को लाभार्थियों ने सुना। प्रधानमंत्री आवास योजना के 50 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र 25 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी दी गई। सीएम आवास योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र व 13 लाभर्थियों को प्रतीकात्मक चाबी दी गई। गोंदलामऊ संवाद के अनुसार ब्लॉक गोंदलामऊ दफ्तर में 86 पीएम आवास एवं 14 सीएम आवास लाभार्थियों को घर की चाबी दी गई।
लहरपुर संवाद के अनुसार ब्लाक सभागार में प्रमुख उमाशंक वर्मा ने सौ लाभार्थियों को आवास की चाबी दी। बिसवां संवाद के अनुसार ब्लाक सभागार में 105 लाभार्थियों को विधायक महेंद्र प्रताप सिंह यादव, पूर्व विधायक रामपाल यादव, ब्लाक प्रमुख शांति यादव एवं बीडीओ ऐश्वर्य यादव ने ताला चाबी प्रदान किया। विधायक ज्ञान तिवारी ने ब्लाक रामपुरमथुरा व रेउसा में शामिल होकर लाभार्थियों को आवास की चाबी दी। महोली संवाद के अनुसार ब्लॉक सभागार में पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश, चाबी वितरण कार्यक्रम में 60 लाभार्थी उपस्थित हुए।
अब छत से नहीं टपकेगा पानी
कमलापुर संवाद के अनुसार विकास क्षेत्र कसमंडा में 78 ग्राम पंचायत के सौ लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई। लाभार्थी विनोद कुमार अवस्थी, सलीम, हीरालाल निवासी उंचाखेरा अजई ने कहा, अब बरसात, जाड़े में सुकून से सो सकूंगा। छत नहीं टपकेगी। हर व्यक्ति का सपना होता है, उसका भी एक घर हो।