सीतापुर। कोविड टीकाकरण को लेकर राहत देने वाली खबर है। जिले में करीब 62 फीसदी लोगों को कोरोना की पहली डोज लग चुकी है। यह लक्ष्य हासिल करने में विभाग को करीब नौ माह लग गए। दिसंबर 2021 तक जिले में सौ फीसदी लोगों का टीकाकरण हो जाएगा। इन ढाई महीनों में स्वास्थ्य विभाग ने सौ फीसदी लक्ष्य पूरा करने के लक्ष्य तय किया है।
जिले में कोरोना टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी 2021 को हुई थी। पहले चरण में हेल्थ केयर वर्कर को टीकाकरण कराया गया था। उसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर को टीका लगाया गया। फिर 60 प्लस व 45 प्लस लोगों का टीका लगवाया गया। आखिरी चरण में 18 प्लस लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में 31 लाख लोगों को टीकाकरण के लिए चिह्नित किया गया है। इन लोगों की उम्र 18 बरस से अधिक है। करीब नौ माह से चले रहे टीकाकरण में जिले को बेहतर परिणाम सामने आए हैं।
19 लाख लोगों को टीकें की पहली डोज लग चुकी है। करीब चार लाख लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। अब विभाग जिले में दिसंबर के अंत तक सौ फीसदी टीकाकरण करने का लक्ष्य तय किया है। करीब ढाई माह में 38 फीसदी यानी 12 लाख लोगों को कोविड की पहली डोज लगवाई जाएगी। विभाग का कहना है कि पहली व दूसरी डोज रोजाना लग रही है। पहला लक्ष्य लोगों को पहली डोज लगवाने का है।
करीब दो लाख लोगों ने नहीं लगवाई दूसरी डोज
स्वास्थ्य विभाग का कहना है पहली डोज लगवाने में लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं। दूसरी डोज में लापरवाही बरत रहे हैं। अब तक करीब दो लाख ऐसे लोग हैं, जिन्होंने दूसरी डोज नहीं लगवाई है। जबकि दूसरी डोज की समय सीमा निकल चुकी है। इस डोज को लगवाने के लिए इनको मैसेज भी किया गया था फिर भी ये लोग टीकाकरण कराने केंद्र पर नहीं पहुंचे है। इनमें फ्रंटलाइन वर्कर, हेल्थ केयर व अन्य आयु वर्ग के लोग शामिल हैं।
अस्पतालों व शिविरों में लग रही वैक्सीन
कोविड टीकाकरण रोजाना जिले की 19 सीएचसी सहित शहर में पांच केंद्रों पर होता है। इसके अलावा कई संगठनों के सहयोग से विभिन्न जगहों पर रोजाना शिविर भी आयोजित किए जा रहे है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी टीकाकरण हो रहा है। इसकी वजह से रोजाना टीकाकरण में काफी तेजी आ रही है। एक-एक दिन में 50 हजार से अधिक लोगों को टीका लगवाया जा रहा है।
जिले में कोविशील्ड व को-वैक्सीन दोनों वैक्सीन लगवाई जा रही है। कोविशील्ड की अधिक मात्रा में टीका लग रहा है। को-वैक्सीन कुछ केंद्रों पर लग रही है। एक बार जिस कंपनी की डोज लगाई जाती है। दूसरी डोज भी उसी कंपनी की लग रही है। इसकी वजह से लोग अपनी पसंद के अनुसार भी टीकाकरण कराने की पूरी छूट मिली हुई है।
जिले में तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है। टीके की कोई कमी नहीं है। दिसंबर तक जिले में सौ फीसदी टीकाकरण करने की तैयारी चल रही है।
- डॉ. पीके सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी