सीतापुर। पुलिस को पब्लिक से अच्छा व्यवहार रखने की जरूरत है। अपराधियों के साथ और सख्ती की जाए। महिला अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़िताओं को इंसाफ दिलाया जाए। लंबे समय तक महिला अपराध के मामलों को पेंडिंग न रखें। बेहतर पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने में और तेजी लाई जाए। यह बातें सोमवार को एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत ने कही। वह पुलिस लाइन में अफसरों संग जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मामलों में सजा होने पर अपराधी कमजोर होंगे और अपराध पर अंकुुश लगेगा। कहा कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहे, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई हो। मामले लंबे समय तक पेंडिंग न रहें। सिर्फ विवेचना नहीं पैरवी करके अपराधियों को सजा भी दिलाई जाए। थाने पर आने वाले फरियादियों से अच्छा व्यवहार हो। जेल से बाहर छूटने वाले अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
चोरी, लूट समेत होने वाले अन्य अपराधों पर अंकुश लगाकर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिसिंग को और एक्टिव किया जाए। मोहर्रम को लेकर भी सुरक्षा-व्यवस्था बेहतर रखने के आदेश दिए। कहा कि फरियादियों को थानों से ही इंसाफ मिले, जिससे उन्हें भागदौड़ करनी न पड़े। एडीजी एसएन साबत ने कहा कि समीक्षा कर यह जाना गया कि कहां क्या सुधार की जरूरत है।
पुलिस के सामने क्या-क्या चुनौतियां हैं, आदि बिंदुओं पर समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के मामले में भी सीतापुर पुलिस की कार्रवाई अच्छी है। 65 से 70 फीसदी मामलों में अपराधियों को सजा हो रही है, इससे पीड़िताओं को इंसाफ मिल रहा है, अपराधियों को उनके किये की सजा।
समीक्षा के दौरान पाया कि जिले की पुलिस ने पिछले समय में माफियाओं के खिलाफ अच्छी कार्रवाई की है। मौके पर एसपी आरपी सिंह, एएसपी साउथ एनपी सिंह, एएसपी नार्थ राजीव दीक्षित, सीओ सिटी पीयूष सिंह, सीओ मिश्रिख महेंद्र प्रताप सिंह, सीओ लहरपुर राजू कुमार शाव, सीओ सदर अभिषेक प्रताप, सीओ सिधौली यादुवेंद्र यादव मौजूद रहे।
कोरोना काल ने बताया जीवन में वृक्षों की महत्व
हरगांव (सीतापुर)। वृक्ष हमारे जीवन में बहुत अहम है। कोरोना काल में यह सबने देखा और महसूस किया है। एक-एक सिलेंडर के लिए लोग तरस रहे थे, तब और लोगों को एहसास हुआ। सभी लोगों को पौधे लगाने चाहिए। यह बातें सोमवार को ममता चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से हरगांव के कटका बाजार में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे लखनऊ जोन के एडीजी एसएन साबत ने पौधरोपण के समय कही।
राष्ट्रीय क्रांति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम हुआ, अध्यक्षता राज्य सूचना आयुक्त किरन बाला चौधरी ने की। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव कुमार मिश्रा ने भी लोगों को पेड़ों की महत्ता बताई। अवसर पर फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित, अरूणेश त्रिपाठी, जीतपाल सिंह, दीपक यादव, शिव प्रकाश सिंह उर्फ सोनू , लालता प्रसाद वर्मा, सुरेश वर्मा, राम प्रसाद यादव, धर्मेन्द्र यादव, अमर सिंह, प्रदीप मिश्र ,राजेश कुमार मौजूद रहे। (संवाद)