ऐतिहासिक 84 कोसी परिक्रमा करने निकले श्रद्धालु छठे दिन हरदोई जिले से सीतापुर जिले की सीमा में वापस प्रवेश कर गए। राम नाम का जयघोष कर रहे श्रद्धालुओं ने छठे दिन देवगवां पड़ाव पर डेरा डाला।
इस पड़ाव पर मंगलवार की भोर से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। देवगवां पड़ाव पर करीब चार किलोमीटर की दूरी तक श्रद्धालुओं ने डेरा डाला है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि करीब चार लाख की संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा कर रहे हैं।
नैमिषारण्य से चली परिक्रमा में शामिल श्रद्धालु देवगवां पहुंचने से पहले कोरौना, हरैया, नगवां कोथावां, गिरधरपुर उमरारी व साखिन गोपालपुर में डेरा डाल चुके हैं। 14 मार्च को परिक्रमा साखिन गोपालपुर पहुंची थी। वहां रात्रि विश्राम करने के बाद मंगलवार की भोर डंके की आवाज पर श्रद्धालुओं की नींद टूटी।
श्रद्धालुओं ने स्नान करने के बाद कंठेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की और देवगवां पड़ाव के लिए कूच कर गए। घंटे, घड़ियाल व शंखनाद की ध्वनि के बीच श्रद्धालु प्रभु श्रीराम का जयघोष कर रहे थे। साधु, संत व मंहतों की वेशभूषा परिक्रमा को और भी सुशोभित कर रही थी।
संत व महंत हाथी, घोड़ा व पालकी में सवार होकर पड़ाव स्थल पर पहुंच रहे थे। देवगवां पड़ाव स्थल पर पर्याप्त स्थान नहीं था, जिससे श्रद्धालुओं ने खेत, खलिहान व बागों में डेरा डाला। डेरा इस कदर पड़ते चले गए कि कई किलोमीटर की दूरी तक बस राम नगरी ही नजर आ रही थी।
श्रद्धालुओं ने स्नान करने के बाद देवगवां पर स्थित ब्रह्म स्थान व पौराणिक कूप का पूजन किया। किसी जमाने में यह देवताओं का गांव था। पड़ाव स्थल पर मौजूद साधु व संत लोगों को इस स्थान का महत्व बता रहे थे। देर शाम तक इस पड़ाव स्थल पर श्रद्धालुओं का आना जारी था।