बड़ागांव (सीतापुर)। कोतवाली महोली के बड़ागांव कस्बे के मितौली तिराहे पर संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान पर फ्री में शराब देने से मना करने पर दबंगों ने सेल्समैन की पिटाई कर दी। दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की है। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
रामकोट थाना क्षेत्र के इंद्रौली निवासी उमेश कुमार ने महोली कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बड़ागांव कस्बे में मितौली तिराहे पर उनकी सरकारी मदिरा की दुकान है। थाना इमलिया सुल्तानपुर के काजीकमालपुर निवासी अंकुश कुमार बतौर सेल्समैन दुकान पर काम करता है। आरोप है कि शनिवार की देर शाम बड़ागांव के ही दीपू यादव, अमरीश यादव, रमेश यादव व धनीराम कश्यप दुकान पर आए सेल्समैन से फ्री में शराब देने की बात कही।
इस पर सेल्समैन ने फ्री में शराब देने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे गुस्साए दबंगों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ भी की। इंस्पेक्टर महोली अतुल तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।