बाइक से रेउसा जा रहे दो युवकों को रविवार सुबह दूसरे बाइक सवार ने तंबौर इलाके में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार लोग भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
रेउसा इलाके के सेवता निवासी रानू (21) पुत्र अजहर मिर्जा अपने साथी मोनू के साथ रविवार की सुबह बाइक से जा रहा था। जब वह तम्बौर इलाके में रेउसा मार्ग पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहा एक दूसरा बाइक सवार टक्कर मार कर निकल गया। जिससे यह दोनों लोग बाइक से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
राहगीरों ने दोनों को सीएचसी भेजवाया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में दोपहर को रानू की मौत हो गई, जबकि उसके साथी का उपचार चल रहा है। जानकारी होने पर परिवारीजन भी पहुंच गए थे।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के मुताबिक बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।