चोरों ने इमलिया सुल्तानपुर थाने के ठीक सामने एक घर में नकब लगा 25 हजार रुपये समेत करीब 50 हजार का माल पार कर दिया। सुबह जानकारी होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। इसके अलावा चोरों ने कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित एक टेलर की दुकान से हजारों का माल चोरी कर लिया।
इमलिया सुल्तानपुर थाने के ठीक सामने सत्य प्रकाश मौर्य का मकान है। सोमवार रात वह परिवार के साथ छत पर सो रहा था। इसी बीच चोरों ने घर के पीछे कमरे में नकब लगा दी। चोरों ने कमरे से 25 हजार रुपये, जेवर व बर्तन समेत करीब 50 हजार रुपये का माल पार कर दिया।
सुबह जब घर के लोग सोकर उठे तो मुख्य कमरा अंदर से बंद मिला। जिसके बाद किसी तरह सूचना पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। एसओ का कहना है कि पूरी रात पुलिस गश्त करती है। इसके बाद भी चोरी की घटना होना संदिग्ध प्रतीत होता है।
इसके अलावा इमलिया सुल्तानपुर चौराहे के पास हबीब सिलाई का काम करता है। रात को चोरों ने इसकी दुकान में नकब लगा दी। चोर यहां से कुछ सिले हुए कपड़े व पांच हजार की नकदी उठा ले गए। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।