कस्बे के कच्चा कटरा स्थित एम फैज पब्लिक स्कूल में रविवार को 15 अगस्त के कार्यक्रम की रिहर्सल के दौरान स्कूल प्रबंधक के असलहे से गोली चलने से एक मासूम छात्र जख्मी हो गया। उसे बिसवां सीएचसी से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल की शिक्षिका प्रबंधक का असलहा में लेकर उसे देख रही थी।
पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं आई है। बिसवां निवासी फुरकान अली का कस्बे के कच्चा कटरा में एम फैज पब्लिक स्कूल है। रविवार को यहां स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों का रिहर्सल चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने से स्कूल में कक्षा एक का छात्र शेखसरांय निवासी कलीम (8) पुत्र कफील जख्मी हो गया।
गोली कलीम के पेट को छूते हुए निकल गई। आननफानन उसे सीएचसी बिसवां ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बताते हैं कि स्कूल में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान स्कूल प्रबंधक का असलहा वहां की शिक्षिका हाथ में लेकर देख रही थी। इसी दौरान असलहे से गोली चल गई, जिससे बालक जख्मी हो गया।
कुछ लोगों का कहना है कि असलहा गिरने से उससे फायर हुआ है। खबर पाते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सौमित्र यादव का कहना है कि बालक को स्कूल प्रबंधक व परिवारीजन लखनऊ इलाज के लिए ले गए हैं।
एसपी ने बताया कि अभी यह पता चल रहा है कि प्रबंधक के असलहे से गोली चली है। असलहा लाइसेंसी था या अवैध, इसकी जांच कराई जा रही है। तहरीर आने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी का कहना है कि गोली बालक के कमर से छूती हुई निकल गई है।