अटरिया क्षेत्र में महावीर प्रसाद शिक्षण संस्थान के प्रबंधक के बेटे की शनिवार रात स्कूल परिसर में ही चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उसकी साली के पुत्र ने अपने साथियों संग मिलकर अंजाम दी।
आरोपी स्कूल में काम करने वाली अपनी मां को प्रताड़ित करता था। इसे लेकर मृतक ने विरोध किया था। इसी विरोध के चलते उसकी हत्या कर दी गई। जानकारी मिलते ही एसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
अटरिया के पांडेय रामपुर निवासी महावीर प्रसाद का गांव में ही महावीर प्रसाद शिक्षण संस्थान हैं। महावीर स्कूल में ही रहते हैं। रोज की तरह महावीर का पुत्र विश्वनाथ (52) अपने पिता के लिए खाना लेकर गया था।
खाने देने के बाद विश्वनाथ स्कूल परिसर में ही था, तभी उसकी चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई। उधर, कत्ल की जानकारी होने पर पुलिस व मृतक के परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर विश्वनाथ के बेटे प्रवीण का कहना है कि उसकी मौसी व उसके पिता की साली उमा देवी स्कूल में ही काम करती हैं। जिसकी वजह से वह स्कूल में ही रहती हैं।
अटरिया के मरहा उमरा निवासी उमा को उसका बेटा राजेंद्र पैसे की मांग को लेकर आए दिन प्रताड़ित करता था। इस वजह से विश्वनाथ ने उमा का बचाव करते हुए राजेंद्र का विरोध किया था। आरोप है कि इसी विरोध की वजह से राजेंद्र ने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर विश्वनाथ की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
मृतक के बेटे ने राजेंद्र व उसके तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। खबर पाकर एसपी सौमित्र यादव ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। एसओ एके सिंह का कहना है कि हत्या के मामले में मृतक की साली का बेटा व उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।