शराब की दुकान को लेकर मछली मंडी और कल्यानपुर में बवाल
शराब की दुकान हटाने को लेकर सड़कों पर उतरी महिलाओं ने बरहा रोड पर मछली मंडी और कल्यानपुर नौगवां में जमकर बवाल किया। विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दुकान में तोड़फोड़ की और माधोटांडा हाईवे जाम कर दिया। सीओ के समझाने पर महिलाएं शांत होने के बजाय पुलिस से भिड़ गईं। इस पर पुलिस ने ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। छह महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। बवाल करने वालों के खिलाफ सुनगढ़ी और गजरौला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।एकता नगर कालोनी निवासी नीटू बरहा रोड पर मछली मंडी स्थित देशी शराब की दुकान में सेल्समैन है। रविवार सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा। तभी बरहा व राजीव कॉलोनी की दर्जनों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर दुकान पर जा पहुंची। उन्होंने शराब की दुकान हटाने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं का आक्रोश देख सेल्समैन ने मौके से भागकर खुद को बचाया। आरोप है कि महिलाओं ने प्रदर्शन के नाम पर दुकान में रखा सामान बाहर फेंक दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने दुकान हटाने के लिए नियमानुसार अफसरों से शिकायत करने की बात कहकर महिलाओं को समझाने की कोशिश की। मगर गुस्साई महिलाओं ने इंस्पेक्टर की एक नहीं सुनी। इस बीच कुछ ही देर में सीओ सिटी अनुराग दर्शन, महिला थानाध्यक्ष अनुपम सिंह मौके पर पहुंच गए। सीओ के समझाने पर महिलाएं शांत होने के बजाय शराब की दुकान में आग लगाने की चेतावनी देते हुए पुलिस से भिड़ गईं। सीओ के निर्देश पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर प्रदर्शन कर रही महिलाओं को खदेड़ दिया। मौके पर पांच महिलाओं व एक पुरुष को गिरफ्तार लिया। पुलिस के धरपकड़ करने पर प्रदर्शन कर रही महिलाओं में भगदड़ मच गई, जिससे कुछ ही देर में माहौल शांत हो गया। शराब की दुकान सेल्समैन नीटू ने मामले की नामजद तहरीर पुलिस को दी है। मछली मंडी में शांति होने के कुछ घंटे बाद ही गजरौला थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव स्थित देशी शराब की दुकान पर महिलाओं ने इकट्ठे होकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने सेल्समैन सतीश व रामप्रकाश को दुकान के बाहर निकाल दिया। इसके बाद दुकान में रखी शराब की पेटियां बाहर सड़क पर रखकर अपना ताला जड़ दिया और माधोटांडा रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने पर सीओ सिटी व महिला थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए। दो थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। सीओ के समझाने पर महिलाएं शांत होने के बजाय पुलिस ने भिड़ने लगीं। इस पर पुलिस ने डंडे फटकार कर महिलाओं को खदेड़ दिया। मौके पर एक महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस की सख्ती देख महिलाएं शांत होकर अपने घरों को चली गईं। माहौल शांत होने पर एहतियातन दुकान के पास पुलिस तैनात कर दी गई।