पिसावां थानाक्षेत्र के बड़ा सहुवापुर गांव में बेखौफ चोरों ने जहां दो घरों से करीब दो लाख का माल पार कर दिया, वहीं एक अन्य घर में धावा बोल कर बदमाशों ने डकैती की वारदात अंजाम दे डाली। वारदातों से पुलिस को अवगत करा दिया गया है लेकिन पुलिस चोरी व डकैती से इंकार कर रही है। उसका कहना है कि न डकैती है न चोरी, यह ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर विवाद हुआ है।
बड़ा सहुवापुर गांव निवासी साकिर ने बताया कि रात को करीब आठ से दस असलहाधारी बदमाशों ने उसके घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने पहले छत पर सो रहे बेटे रईस को असलहा लगा कर कवर कर लिया। जिसके बाद घर के अंदर महिलाओं पर असलहा तान कर धमकाने लगे। उसका कहना है कि बदमाशों ने उसके घर में डकैती डाली। उसकी बेटी समरुजहां, आमिर जहां व उमरजहां के साथ मारपीट की और धमकी देकर लड़कियों व घर वालों की करीब दो लाख की जेवर व नकदी सहित संपत्ति लूट ली। उसने बताया कि मां के बीमार होने के कारण उसकी बेटियां 25-25 हजार रुपये लेकर आई थीं।
इसके अलावा गांव के ही अजब सिंह के यहां से 20 हजार नगदी सहित करीब 50 हजार का माल चोरी कर लिया। चोरों ने अजब सिंह के भाई दारा सिंह के यहां से भी 51 हजार 500 की नगदी व करीब एक लाख का जेवर चोरी कर ले गए। सुबह लोगों ने पुलिस को सूचना दी।