रिश्तों को कलंकित करते हुए थाना क्षेत्र के एक गांव में दो सगे भाइयों ने चचेरी भतीजी का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके संग गैंगरेप किया। नाबालिग के हरदोई के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म देने पर मामले का खुलासा हुआ। पीड़ित के परिवारीजनों ने दो सगे भाइयों पर रेप व पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है। उधर, पीड़ित ने अस्पताल की आशा को बेटे को सौंप दिया है।
बताते हैं कि करीब नौ माह पूर्व पिसावां के एक गांव की किशोरी खेत में नित्यक्रिया के लिए गई थी। जहां आरोपी दोनों चचेरे चाचाओं ने बहला-फुसलाकर अश्लील वीडियो बना लिया। इस वीडियो के सहारे दोनों कई दिनों से सामूहिक दुराचार करते रहे।
बीते दिनों उसे प्रसव पीड़ा हुई तो हरदोई जनपद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसने बेटे को जन्म दिया। बाद में पीड़ित ने वहीं के डाक्टर के माध्यम से पुत्र को एक आशा को सौंप दिया।
थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर गोवर्धन तथा ठाकुर पर सामूहिक दुराचार तथा पास्को एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।