अटरिया क्षेत्र के नीलगांव में पुजारी की हत्या के बाद मौके पर मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अटरिया के नीलगांव में देव स्थान के पास बनी कोठरी में बुधवार सुबह एक पुजारी का शव पड़ा मिला। उसके चेहरे व सिर पर गहरे जख्म के निशान थे जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि पुजारी की ईंट से कूंच कर हत्या कर दी गई है।
दाहिने हाथ पर श्री श्री 108 बाबा शत्रोहन दास गुदा हुआ था। उधर, खबर पाकर एएसपी दक्षिणी सुभाष चंद गंगवार, सीओ सिधौली व एसओ ने मौके पर पहुंच जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार सुबह नीलगांव के लोग नित्यक्रिया के लिए निकले तो अटरिया मार्ग स्थित बरम बाबा देव स्थान के पास बनी कोठरी में एक व्यक्ति की लाश पड़ी देखी। प्रधान वैजयंती माला से खबर पाकर अटरिया एसओ चंद्रभान यादव मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चेहरे व सिर पर गहरे जख्म थे। पड़ोस में खून से सनी र्हुई इंट पड़ी थी, जिससे माना जा रहा है कि ईंट से कूंचकर मौत के घाट उतार दिया गया। अधेड़ ने सफेद कुर्ता पहन रखा था। घटनास्थल पर पुलिस को एक घड़ी भी पड़ी मिली है।
उसके दाहिने हाथ में श्रीश्री 108 बाबा शत्रोहन दास गुदा हुआ था, जिससे माना जा रहा है कि वह पुजारी होगा। उधर, सूचना मिलने पर एएसपी सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ सिधौली आरएन सिंह ने भी मौके पर पहुंच जांच की।
प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ चंद्रभान यादव का कहना है कि पड़ताल की जा रही है।