लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के नेवादा गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने सिपाही को रौंद दिया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। सिपाही सड़क के किनारे खड़ा था। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। खबर पाकर फैजाबाद से सिपाही के परिवारीजन पहुंच गए थे।
फैजाबाद जिले के बीकापुर निवासी आरक्षी विमलेश मौर्य (28) पुत्र रामभवन डायल-100 में लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में तैनात था। रविवार देर शाम वह सरकारी काम से साथी आरक्षी भूपेंद्र वर्मा के साथ बाइक से जिला मुख्यालय जा रहा था।
जब वह लहरपुर कोतवाली इलाके में नेवादा गांव के पास पहुंचा तो साथी को लघुशंका लगी। इस पर बाइक सड़क किनारे रोक कर आरक्षी भूपेंद्र लघुशंका के लिए चला गया। विमलेश बाइक के पास खड़ा हो गया।
इसी दौरान जिला मुख्यालय की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक के पास खड़े विमलेश मौर्य को रौंद दिया। इसके बाद पिकअप चालक मय वाहन के भाग निकला। आनन फानन में भूपेंद्र ने साथियों व पुलिस को इसकी सूचना दी और जख्मी आरक्षी को लेकर सीएचसी लहरपुर पहुंचा।
वहां चिकित्सकों ने आरक्षी विमलेश को मृत घोषित कर दिया। घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। मृतक के परिवारीजन को खबर दी। खबर पाकर परिवारीजन भी पहुंच गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में आरक्षी की मारे जाने की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद आननफानन में पोस्टमार्टम आदि की औपचारिकताएं पूरी कर आरक्षी के शव को सुबह पुलिस लाइंस शहीद स्मारक में रखा गया। वहां उसे सलामी दी गई। लोगों ने उसके शव पर फूल मालाएं चढ़ाईं।