महोली कोतवाली क्षेत्र में कार ने एक अधेड़ को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अधेड़ अपने भांजे के विवाह में शामिल होने जा रहा था। उधर, अस्पताल ले जाने से पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया। मृतक अधेड़ लखीमपुर जिले का निवासी था।
लखीमपुर खीरी के ग्राम कैमहरा निवासी तेजा (50) के भांजे महोली के ग्राम ममकापुर निवासी मुकेश का विवाह रविवार को तय था। इसमें शामिल होने के लिए तेजा ममकापुर गांव के लिए घर से निकला था।
वह गुलरहिया मोड़ के निकट वाहन से उतर कर पैदल ही ममकापुर गांव की तरफ चल दिया। इसी बीच महोली बड़ागांव मार्ग पर गुलरहिया के निकट ही एक कार ने तेजा को टक्कर मार दी। इससे तेजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। इससे पहले कि घायल तेजा को कोई अस्पताल पहुंचाता, तब तक तेजा सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।