महोली में दुल्हा-दुल्हन से हुई लूटपाट का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। वारदात में शामिल चार बदमाशों में से तीन को पुलिस ने शाहजहांपुर में दबोच लिया है। इनमें से दो मेरठ के व एक हरदोई जिले का है। जबकि मेरठ निवासी एक आरोपी मौके से निकल भागा। उसकी पहचान कर ली गई है।
पुलिस ने पकड़े गए बदमाशाें के पास बारातियों से लूटे गए जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से अमरोहा से लूटी गई एसेंट कार के अलावा कई अन्य जगहों पर लूटा गया सामान मिला है।
पुलिस अधीक्षक सौमित्र यादव ने बताया कि 2 जून की रात शाहजहांपुर निवासी जीशान बाराबंकी के देवा से शादी कर लौट रहे थे। तभी महोली के कार्टरगंज के पास कार सवार बदमाशों ने जेवर व नकदी आदि लूट ली थी। मामले में केस दर्ज कर पुलिस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था। उधर, लुटेरों ने एक कार अमरोहा से लूटी थी।
जिसके कारण अमरोहा पुलिस कार के नंबर के आधार पर बदमाशों के पीछे लग गई। वहीं, महोली में दुल्हा-दुल्हन के साथ हुई लूट के मामले में सीतापुर पुलिस भी बदमाशों की सुरागरसी में थी। जांच में जुटी अमरोहा पुलिस को लुटेरों की लोकेशन शाहजहांपुर में मिली। सीतापुर व शाहजहांपुर पुलिस भी लुटेरों का पता लगाने में जुटी थी। तीनों जिलों की पुलिस ने सूचनाएं आदान-प्रदान की तो मामला जुड़ा मिला।
इसी बीच सीतापुर पुलिस टीम ने शाहजहांपुर के हरदोई चौराहे पर एक कार पर सवार चार लोगों को रोका, जिसमें से एक व्यक्ति भाग निकला, लेकिन पुलिस ने तीन को दबोच लिया। सीतापुर पुलिस टीम के साथ मौजूद लूट का शिकार जीशान ने इनकी पहचान भी कर ली। इस बीच अमरोहा पुलिस भी पहुंच गई और लूटी गई कार की पहचान की।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान मेरठ के थाना किला क्षेत्र के सियाल निवासी राजू कुमार चौधरी, इसी जिले के किठौर थाना क्षेत्र के मिदापुर निवासी गुफरान व हरदोई के सरदारगंज निवासी सुमित के रूप में हुई है। जबकि मौके से निकल भागे बदमाश की पहचान मेरठ जिले के रूकनपुर निवासी इरशाद के रूप की गई है।
बदमाशों के पास से पुलिस ने बारातियों से लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं। वहीं अमरोहा से लूटी गई एसेंट कार, तीन असलहे, आठ कारतूस भी मिले हैं। एसपी ने बताया कि बदमाशों ने पहले अमरोहा में कार लूटी। इसके बाद इसी कार से लूट की कई वारदातें अंजाम दी। पुलिस का दावा है कि लुटेरों पर मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर, गाजियाबाद आदि जिलों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।