थानाक्षेत्र के जुर्रापुरवा गांव में कूडे़ के ढेर में सड़ा आलू डालने के विवाद में दो पक्षों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार चल गए। इसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनो पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जुर्रापुरवा गांव निवासी श्याम सुंदर ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे उसकी भतीजी रंजना ने अपने कूड़े के ढेर में सड़े आलू डाल दिए थे। इसे पड़ोसी प्रकाश, जीतू, महेंद्र, शारदा देवी ने उठाकर उसके चबूतरे पर फेंक दिए।
विरोध करने पर इन लोगों ने उस पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गया। बचाने आए जागेश्वर, रानी, फूलन देवी व राजेंद्री को भी हमलावरों ने पीटा। वहीं दूसरे पक्ष से जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि जागेश्वर के घर के लोगों ने जानबूझकर कूड़े के ढेर में सड़े आलू फेंके थे। जब उसने विरोध किया तो जागेश्वर समेत मंजू, अवनीश, सन्नी देवी आदि ने उसे व उसके पिता गंगाचरण को लाठी-डंडों व धारदार हथियार से मारा पीटा। जिसमें वह घायल हो गए हैं।