कुतुबनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को अवैध तरीके गैस रिफिलिंग करते समय लीकेज के कारण एक वैन में अचानक आग लग गई। तेज धमाके के साथ लपटों ने वैन से कुछ दूर खड़ी एक मोटर साइकिल को भी चपेट में ले लिया।
धमाका इतना जोरदार था कि वैन से दूर खड़े वाहन भी गिर गए। सूचना पर पहुंचे दमकल दस्ते ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया लेकिन तब तक वैन व बाइक राख में तब्दील हो चुकी थी। हादसे से पूरे क्षेत्र में हड़कंप है। ग्रामीणों की मानें तो घरेलू गैस सिलेंडर भी लपटों में घिर गया था लेकिन गनीमत रही कि सिलेंडर फटा नहीं। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पिसावां के ग्राम लोहार खेड़ा निवासी राम औतार की वैन में गैस किट लगी हुई है। मंगलवार दोपहर रामऔतार कुतुबनगर में अपनी वैन में घरेलू गैस सिलेंडर से अवैध रूप से रिफिलिंग कर रहा था। करीब ही उसकी बाइक खड़ी थी। इसी बीच गैस लीकेज के दौरान अचानक उसकी वैन में आग लग गई।
देखते ही देखते वैन आग के गोले में तब्दील हो गई। तेज धमाके के साथ वैन के पास खड़ी बाइक भी चपेट में आ गई और धूं-धूं कर जल उठी। धमके की आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। मिश्रिख-दधनामऊ मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। इसी बीच लोगों ने पुलिस व दमकल टीम को सूचना दे दी।
आधा घंटे में ही दमकल दस्ता मौके पर पहुंच गया और काफी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। लेकिन तब तक दोनों वाहन राख में तब्दील हो चुके थे। करीब एक घंटे तक कुतुबनगर कस्बे में अफरातफरी का माहौल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के साथ घटनास्थल से कुछ दूर खड़े वाहन गिर गए, ऐसा लगा जैसा भूकंप आ गया।
ग्रामीणों ने बताया पास जाकर देखा तो कार के पास रखा सिलेंडर भी लपटों से घिरा हुआ था। गनीमत रही कि सिलेंडर फटा नहीं, वरना बड़ी दुर्घटना हो जाती। थानाध्यक्ष श्याम जी यादव का कहना है कि इस संबंध में अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। जिसकी वजह से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी है।