कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई की जिला उपाध्यक्ष व उनके भाई पर मंगलवार शाम तरणताल स्टेडियम में घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने तेजाब फेंकने का प्रयास किया।
हालांकि दोनों किसी तरह भागकर पड़ोस में स्थित एसपी आवास पहुंच गए। इसी बीच आरोपी निकल भागे। हालांकि पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ सिटी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। एएसपी उत्तरी डॉ. ओपी सिंह भी कोतवाली पहुंचे।
शहर के आगा कॉलोनी निवासी कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई की जिला उपाध्यक्ष अभव्या सिंह चौहान पुत्री स्व. अनिल कुमार ने बताया कि वह मंगलवार शाम अपने भाई अभांष वर्धन सिंह के साथ स्टेडियम गईं थीं। तरणताल स्टेडियम पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि इन लोगों ने तेजाब डालने का प्रयास किया। इस पर वह एसपी आवास भाग कर पहुंची। इस बीच आरोपी निकल गए। एसपी आवास पहुंच कर मदद मांगी तो सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस उसे कोतवाली ले गए। अभव्या सिंह का आरोप है कि सोनू नाम के युवक ने अपने कई साथियों संग घटना अंजाम दी है।
इन लोगों ने उसके साथ अभद्रता भी की। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है। एएसपी उत्तरी डॉ. ओपी सिंह घटना की जानकारी होते ही कोतवाली पहुंचे और पीड़िता से पूछताछ की। सीओ सिटी रामसनेही यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।