आयुक्त बोले, दोनों पक्षों की बात सुनी गई, मुख्यमंत्री को देंगे रिपोर्ट
सीतापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर कमिश्नर व आईजी ने सीतापुर पहुंचकर पुलिस-अधिवक्ता विवाद की जांच की। डीएम-एसपी और वकीलों का पक्ष सुनकर आला अफसर वापस लखनऊ चले गए। अफसरों ने जांच रिपोर्ट सीएम को देने की बात कही है।
इससे पहले गुरुवार की सुबह प्रभारी मंत्री रीता बहुगुणा जोशी की अगुवाई में विधायकों के साथ वकीलों के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपना पक्ष प्रस्तुत किया था। जिले के अधिवक्ता-पुलिस विवाद को लेकर गत बुधवार को राज्यपाल से हुई मुलाकात के बाद गुरुवार की सुबह वकीलों के प्रतिनिधि मंडल की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात हुई।
मुख्यमंत्री से वकीलों की मुलाकात के दौरान प्रभारी मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, विधायक ज्ञान तिवारी, शशांक त्रिवेदी, महेन्द्र यादव, सुनील वर्मा, दिनेश तिवारी, रामकृष्ण पांडेय, सुरेश राही व पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान वकीलों के प्रतिनिधि मंडल ने सीएम के समक्ष अपना पक्ष रखा।
सीएम ने कमिश्नर से पूरे मामले की जांच कराते हुए इसका सम्मान जनक समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। गुरुवार की शाम कमिश्नर अनिल गर्ग व आईजी जोन सुजीत पांडेय इस मामले की जांच करने सीतापुर पहुंचे। पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पहले डीएम शीतल वर्मा तथा एसपी प्रभाकर चौधरी से गोपनीय वार्ता की।
बाद में कार्यकारी अध्यक्ष आशीष मिश्र व आनंद माधव अवस्थी से वकीलों का पक्ष जाना। गेस्ट हाउस से बाहर निकलकर कमिश्नर ने मीडिया को बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनी गई है। जांच रिपोर्ट सीएम को सौंपी जाएगी। आगे का निर्णय सीएम को लेना है।
सीएम के आश्वासन पर वकीलों ने स्थगित की हड़ताल
मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन पर वापस आकर वकीलों ने सोमवार तक के लिए हड़ताल स्थगित कर दी। वकीलों ने यह जरूर कहा कि हम राज्यपाल व मुख्यमंत्री के आश्वासन का सम्मान इस उम्मीद के साथ करते हैं कि कुल मामले का सम्मानजनक समाधान जरूर होगा।
वकीलों का प्रतिनिधि मंडल सीएम से मिलकर सीतापुर पहुंचा। यहां महामहिम व मुख्यमंत्री की मंशा वकीलों की सामान्य सभा में सबके समक्ष रखी गई। अवगत कराया गया। अलग-अलग विचारों के बावजूद अंतत: सदन ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि राज्यपाल व मुख्यमंत्री प्रदेश के सर्वोच्च अधिकारी हैं।
उनकी मंशा का सम्मान करते हुए फिलहाल सोमवार तक के लिए हड़ताल का स्थगित किया जाना ही समीचीन है। यदि तब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को डेढ़ बजे पुन: बैठक कर अधिवक्ता आंदोलन की नई रणनीति तैयार करेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से आनंद माधव अवस्थी, राम गोपाल अवस्थी, शिवबरन यादव, दिनेश मौर्य, मुकुल मिश्र, रामपाल मिश्र, रत्नेश द्विवेदी आदि ने अपने विचार रखे।
ऑफीसर्स हॉस्टल बनेगा सीतापुर पब्लिक क्लब
सीएम से मुलाकात के दौरान विधायकों ने सीतापुर क्लब को ऑफीसर्स क्लब बनाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे सीतापुर पब्लिक क्लब के रूप में विकसित कराए जाने का आग्रह किया। इस पर सीएम ने हामी भरते हुए प्रभारी मंत्री रीता बहुगुणा जोशी को डीएम व एसपी से मिलकर नई कमेटी का गठन कर सीतापुर पब्लिक क्लब बनाए जाने का निर्देश दिया।
सीएम से की डीएम व एसपी के तबादले की मांग
वकील-पुलिस विवाद पर चर्चा के बाद एक विधायक ने डीएम व एसपी के तबादले तक की मांग मुख्यमंत्री से कर डाली। विधायक ने डीएम शीतल वर्मा तथा एसपी प्रभाकर चौधरी पर जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करने और मनमानी करने का आरोप लगाया। इस पर सीएम ने ‘ठीक किया जाएगा’ कहकर विधायक को संतुष्ट किया।
प्रभारी मंत्री से मिलकर वापस आ गए शहर विधायक
मुख्यमंत्री से मिलने जिले के सभी सात भाजपा विधायक लखनऊ पहुंचे। विधायक पहले प्रभारी मंत्री रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर गए। इसके बाद प्रभारी मंत्री के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। हालांकि शहर विधायक राकेश राठौर सीएम से मिलने नहीं गए बल्कि प्रभारी मंत्री से मिलकर ही वापस लौट आए। वहीं, सांसद राजेश वर्मा भी सीएम से मिलने के दौरान गैर हाजिर रहे।
अवध बार एसोसिएशन करेगा एक दिन की हड़ताल
सीतापुर के पुलिस-अधिवक्ता विवाद को लेकर अवध बार एसोसिएशन लखनऊ की ओर से 7 दिसंबर को एक दिन की हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। अवध बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एएम त्रिपाठी ने कहा कि सीतापुर के वकीलों के साथ जो कृत्य हुआ वह निंदनीय है। मामले का सम्मान जनक हल निकाले जाने की मांग को लेकर उच्च न्यायालय लखनऊ के अधिवक्ता शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
आईजी ने कमिश्नर को दिखाया कमलापुर थाना
लखनऊ वापसी के दौरान आईजी ने कमिश्नर को कमलापुर थाना दिखाया। पिछले दिनों भ्रमण के दौरान आईजी कमलापुर थाने के रंग-रोगन व साफ-सफाई से प्रभावित हुए थे। लिहाजा, उन्होंने कमिश्नर को भी थाने का अवलोकन कराया।