सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र की धर्मनगरी नैमिषारण्य दर्शन आए लखनऊ के श्रद्धालुओं की कार से उचक्कों ने नकदी व मोबाइल पार कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस खाली हाथ थी।
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुरेंद्र नगर निवासी डॉ. प्रदीप, अभय, उदयराज, पवन नैमिषारण्य दर्शन पूजन के लिए आए थे। यहां पर उन लोगों ने चक्रतीर्थ के करीब कार खड़ी कर दी और दर्शन पूजन को निकल लिए। इसी बीच उचक्कों ने उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और उसमें रखी 20 हजार की नकदी, दो मोबाइल फोन चुराकर निकल भागे।
इधर जब डॉ. प्रदीप व उनके साथी वापस आए, तब उन्हें वारदात की जानकारी हो सकी। पीड़ितों ने इस संबंध में मिश्रिख कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस धर्म नगरी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश राय ने बताया कि वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।