पति की डांट से क्षुब्ध महिला ने लगाई फांसी
थानगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक महिला ने शनिवार को फांसी लगाकर जान दे दी। महिला का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम चंदौली निवासी सलमान ने घरेलू कामकाज को लेकर शनिवार को अपनी पत्नी सूफी (25) को फटकार लगा दी। जिसके बाद सलमान घर से चला गया। बताते हैं कि सलमान के जाते ही सूफी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। जिसके बाद छत के कड़े से रस्सी के फंदे से लटक कर फांसी लगा ली। थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में अभी मायके पक्ष से कोई शिकायत नहीं मिली है। ससुराल पक्ष घटना को आत्महत्या बता रहा है। मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।