हाईवे पर मां-बेटे से तीन लाख लूटे
अटरिया (सीतापुर)। दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने नेशनल हाईवे पर बाइक सवार मां-बेटे से तीन लाख रुपये लूट लिए। लूट के विरोध पर बदमाशों ने दोनों की पिटाई भी की। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिसवां के मोहल्ला कटरा निवासी हकीक ने लखनऊ के मड़ियांव में जमीन ले रखी है। इन दिनों जमीन पर कमरे का निर्माण हो रहा है।
शनिवार को कमरे के निर्माण के लिए हकीक की पत्नी बीबी नाज अपने पुत्र शानू के साथ 3 लाख रुपये लेकर बाइक से लखनऊ जा रही थी।
अटरिया थाना क्षेत्र में कुंवरपुर के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बाइकों पर सवार चार सशस्त्र बदमाशों ने ओवरटेक कर शानू की बाइक को रोक लिया। जिसके बाद असलहे से धमकाते हुए लूटपाट करने लगे।
मां-बेटे ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी पिटाई की और तीन लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया और भाग गए। उधर, वारदात के बाद शानू ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द की वारदात का राजफाश किया जाएगा।