जिला अस्पताल में भर्ती, बहराइच का है निवासी
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की रात जहरखुरानों ने एक बस यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। यात्री को बेहोशी की हालत में रोडवेज बस स्टॉप के करीब पड़ा पाया गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यात्री बहराइच जिले का निवासी है, जो दिल्ली से वापस घर जा रहा था।
बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम भैरमपुर निवासी रविशंकर (25) मजदूरी करके घर का खर्च चलाता है। बताते हैं कि करीब चार माह पूर्व वह दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करने लगा था। सोमवार की रात वह एक रोडवेज बस में सवार होकर अपने घर के लिए चल दिया।
सफर के दौरान ही जहरखुरानों ने उसे किसी तरह से नशीला पदार्थ खिला दिया। जिसकी वजह से वह सीतापुर पहुंचते ही बेसुध होने लगा। बताते है कि वह किसी तरह से रोडवेज बस स्टॉप के निकट तो उतर गया, लेकिन उसके बाद वह बेहोश हो गया।
इसी बीच जहरखुरान उसके पास मौजूद 15 हजार की नकदी, मोबाइल फोन व अन्य सामान समेटकर चलते बने। इधर यात्री को बेहोश पड़े देख स्थानीय नागरिकों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। डॉक्टरों ने बताया कि यात्री की हालत खतरे से बाहर है। उसके परिवार को सूचना भेज दी गई है।