बुजुर्ग महिला की झुलसने से मौत
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में झुलसने से मौत हो गई। घटना के समय वह मकान के दूसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में थी। घटना की सूचना पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के विजय लक्ष्मीनगर निवासी पुष्पा गुप्ता (75) पत्नी स्व. रामदत्त गुप्ता शुक्रवार रात अपने घर के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रही थी। शनिवार भोर आसपास के लोगों ने कमरे से धुआं निकलता देखा। जिसके बाद परिवार के लोगों को जानकारी दी। परिवार के लोग जागे तो कमरे से धुआं निकल रहा था। जीना अंदर की ओर से बंद था। दरवाजा तोड़ कर लोग कमरे तक पहुंचे। जिसके बाद शव को बाहर निकाला जा सका। हादसे में कमरे का अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।