एलिया विकास खंड के संविलयन विद्यालय जगना स्कूल में ब्लैक बोर्ड पर प्रश्नों के उत्तर लिखते शिक्ष?
- फोटो : SITAPUR
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। परिषदीय विद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं में नकल करने का सिलसिला जारी है। शिक्षक ही बच्चों को ब्लैकबोर्ड पर उत्तर लिखकर प्रश्नपत्र हल करवा रहे हैं। अव्यवस्थाओं के बीच परीक्षा हो रही है। सीटिंग प्लान भी नहीं बनाया गया है।
अमर उजाला ने परीक्षा के तीसरे दिन एलिया विकासखंड के स्कूलों की हकीकत परखी। संविलयन विद्यालय जगना में सुबह 9:50 बजे कक्षा चार के छात्रों को बोर्ड पर लिखकर नकल कराई जा रही थी। टीम को देखते ही शिक्षक ने ब्लैकबोर्ड पर लिखा उत्तर मिटाने लगे। विद्यालय में कक्षा छह, सात व आठ के विद्यार्थियों को बिना सीटिंग प्लान के बिठाया गया था। बच्चे झुंड में बैठकर नकल कर रहे थे।
प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद द्वितीय में सुबह 10:15 बजे विद्यालय में छात्र इधर-उधर घूमकर नकल में मस्त थे और गुरुजी अपने मोबाइल में व्यस्त नजर आए। प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद प्रथम में सुबह 10:30 बजे बच्चे बिना सीटिंग प्लान व बिना मोहर व हस्ताक्षर वाली कॉपियों पर पेपर देते नजर आए। बच्चे झुंड बनाकर नकल कर रहे थे। शिक्षक अपने में व्यस्त थे। इसी तरह के नजारे अन्य विद्यालयों में दिखाई दिए।
खुले में पड़े प्रश्नपत्र, नहीं दिखी गोपनीयता
बीआरसी एलिया में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विद्यालयों में सीलबंद लिफाफे में प्रश्नपत्र पहुंचने थे लेकिन एलिया में इसका कहीं पर भी पालन नहीं किया गया। किसी भी विद्यालय में सीलबंद तरीके से प्रश्नपत्र नहीं पहुंच रहे हैं। हाल यह है प्रश्नपत्र खुले में बीआरसी में पड़े हुए हैं। इसमें कई ऐसे प्रश्नपत्र भी थे, जिनकी अभी परीक्षा होना बाकी है।