मछरेहटा/सीतापुर। जिले में आयुष्मान योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को दिया जा रहा है। लाभ देने में मामले में मछरेहटा सीएचसी अव्वल साबित हुई है। सरकारी अस्पतालों की सूची में सीएचसी मछरेहटा को नंबर एक का तबका मिला है। यहां पर अब तक 1520 लोगों को लाभ दिया जा चुका है।
जिले में आयुष्मान योजना 2019 से शुरू हुई थी। इस योजना के तहत पांच लाख तक का निशुल्क इलाज कार्डधारकों को दिया जाता है। यह लाभ उन्हीं लोगों को मिलता है, जिनके नाम आयुष्मान योजना में पहले से शामिल है। उनके पास गोल्डनकार्ड मौजूद है। प्रति वर्ष कार्डधारक पांच लाख तक की अपनी सामान्य से लेकर गंभीर बीमारियों का इलाज करा सकते है। यह योजना जिला व महिला अस्पताल सहित सभी 19 सीएचसी पर लागू है। प्राइवेट अस्पतालों में भी इसके तहत इलाज कराया जा सकता है।
योजना की शुरुआत से ही मछरेहटा सीएचसी पर लोगों को बेहतर तरीके से इलाज दिया जाने लगा था। अब तक सीएचसी पर 1520 लोगों को इलाज दिया जा चुका है। जिसमें 700 महिलाएं व 820 पुरुष व बच्चे शामिल है। ये लोग अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करवा चुके है। सरकारी अस्पतालों की सूची में जहां मछरेहटा नंबर वन है। दूसरे नंबर पर सीएचसी कसमंडा व तीसरे नंबर पर सीएचसी पहला है।
मछरेहटा सीएचसी अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि सीएचसी आने वाले मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत लाभान्वित किया जाता है। अगर किसी के पास गोल्डन कार्ड नहीं है तो उसे तत्काल बनवाकर सुविधा दी जाती है।