सपा से निकाले गए बिसवां विधायक रामपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनके करीबियों पर भी प्रशासन शिकंजा कस रहा है। रविवार को रेउसा इलाके के गोविंदापुर गांव में सरकारी राशन न मिलने और राशन की कालाबाजारी के आरोपोें में जांच के बाद बिसवां विधायक के करीबी तौकीर अहमद उर्फ अल्लन व कोटेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।
गोविंदापुर गांव में राधेश्याम के नाम से सरकारी गल्ले की दुकान है। सूत्र बताते हैं कि कोटे का राशन विधायक रामपाल यादव के करीबी तौकीर अहमद उर्फ अल्लन आदि की देखरेख में बांटा जाता था। मामले में ग्रामीणों ने एसडीएम बिसवां से शिकायत की थी, कि कोटेदार राशन नहीं बांटता है। इस पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक अखिलेश तिवारी से मामले की जांच कराई।
जांच में मामला सही पाए जाने पर एसडीएम के आदेश से कोटेदार राधेश्याम, तौकीर अहमद उर्फ अल्लन व साकिर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विदित हो कि इससे पहले राइस मिल समेत रामपाल के कई करीबियों के ठिकानों पर भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। इस कार्रवाई से रामपाल के कई करीबी डरे हुए हैं।