होली पर्व के दौरान तीन दिन तक लगातार बैंक बंद रहेंगे। बैंक का कामकाज निपटाने के लिए आपके पास सिर्फ आज का दिन है। शुक्रवार के बाद मंगलवार को ही बैंकों के ताले खुलेंगे।
बैंक शाखाओं में शनिवार से सोमवार तक तीन दिनों के अवकाश की घोषणा की गई है। बैंक अफसरों के मुताबिक 11 मार्च को दूसरा शनिवार होने के नाते बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। फिर 12 मार्च को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 13 मार्च सोमवार को होली का पर्व होने की वजह से बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
बैंक शाखाओं में अवकाश को लेकर अधिकारियों ने अपनी-अपनी ब्रांच में सभी खाताधारकों को भुगतान देने की व्यवस्था बनाई है। इसे देखते हुए बृहस्पतिवार को बैंक शाखाओं में भीड़ के चलते काम-काज का दबाव रहा।
शुक्रवार को भी बैंक शाखाओं में कामकाज का बोझ अधिक होने की संभावना है। उधर, बैंक बंद होने के बाद धन निकासी के लिए एटीएम ही एकमात्र विकल्प होगा। लीड बैंक मैनेजर कमलेश पांडेय ने बताया कि बैंक शाखाओं में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। एटीएमों में कैश की व्यवस्था की जा रही है।