सीतापुर। जिले के गांजरी क्षेत्र में बैराजों से पानी छोड़े जाने पर बाढ़ आने से तमाम परिवार बेघर हो जाते हैं। इसके बाद वह ऊंचे स्थानों व सड़कों पर रहने को मजबूर होते हैं। अन्य दैवी आपदाओं से प्रभावित परिवारों को सीएम आवास योजना ग्रामीण से लाभान्वित करने का प्राविधान है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में इसके तहत 219 परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं। इन्हें पहली किश्त भेज दी गई गई है।
दैवी आपदाओं से प्रभावित परिवारों को सीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही जेई-एईएस प्रभावित, कुष्ठ रोग से, कालाजार से, वनटंगिया, मुसहर परिवारों को लाभान्वित किया जाता है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 219 लाभार्थियों का लक्ष्य तय किया गया है। इसके सापेक्ष इतने ही लाभार्थियों को चयन कर आवास की स्वीकृति प्रदान की गई है।
सभी लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन कर जियो टैग किया गया है। इन्हें तीन किश्तों में एक लाख 20 हजार रुपये आवास बनाए जाने के लिए दिए जाते हैं। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय एवं मनरेगा से 90 मानव दिवस का रोजगार के लिए धनराशि दी जाती है। डीआरडीए के पटल सहायक मुन्नू लाल ने बताया 219 लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में 40-40 हजार रुपये भेजे गए हैं। इसमें सर्वाधिक 87 लाभार्थी रामपुर मथुरा ब्लॉक से हैं।