हरगांव/सदरपुर (सीतापुर)। चुनावों में पुलिस की सक्रियता के बावजूद जनपद में बेखौफ असलहा फैक्टरी धड़ल्ले से चल रही है। ऐसे में एसपी आरपी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में हरगांव और सदरपुर पुलिस ने इलाके में चल रही दो असलहा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। छापे में 23 असलहे बरामद हुए हैं। पांच आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
महमूदाबाद सीओ रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सुखावां कलां व सुंदरपुरवा गांव के बीच जंगल में छापा मारा। मौके से 10 असलहे, तीन कारतूस, असलहा बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जहांगीराबाद निवासी शमसाद और लालपुर निवासी रामनरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीओ ने बताया कि आरोपी शमसाद के खिलाफ सदरपुर थाने में चार, बहराइच के हुजूरपुर थाने में एक, बस्ती जनपद के हरैया थाने में दो केस दर्ज है। दूसरे आरोपी रामनरेश पर बिसवां कोतवाली में छह, बहराइच जिले की कोतवाली देहात, जरवल रोड, कैसरगंज थानों में छह, सदरपुर में एक केस दर्ज है।
उधर, हरगांव एसओ ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने इलाके के मुसहैय्या के पास विशुन दयाल के खेत में छापा मारा। जहां पर असलहा बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। मौके से लहरपुर इलाके के बारादरी निवासी उमर, हरगांव के शेरपुर निवासी मूलचंद प्रभु, हरगांव के गुरधपा निवासी मुल्लू को गिरफ्तार किया गया है। छापे में मौके से 13 असलहे, 10 नाल, तीन कारतूस, असलहा बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। मामले में तीनों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।