सीतापुर। एक दिन पहले जिले में कोरोना का महज एक एक्टिव केस बचा था। इससे जल्द जिला कोरोनामुक्त होने की राह पर बढ़ रहा था। लेकिन गुरुवार को आए एक पॉजिटिव केस ने पूरा खेल बिगाड़ कर रख दिया है। जिले में 13 दिन बाद फिर से संक्रमण बढ़ा है। एक केस आने से जिले में अब यही एक केस एक्टिव बचा है। जबकि अन्य सभी केस निगेटिव हो चुके है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को जिले में महज एक एक्टिव केस बचा था। इससे विभाग जल्द ही जिला कोरोनामुक्त घोषित करने की प्लानिंग कर रहा था। इधर लगातार कई दिनों से पॉजिटिव केस भी नहीं आ रहे थे। लेकिन गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अरमानों पर पानी फिर गया है। गुरुवार को पूरे जिले में एक एक्टिव केस आया है।
अगर पिछले रिकार्ड को देखा जाए तो 16 जुलाई को जिले में दो पॉजिटिव केस आए थे। उसके बाद से लगातार मामले शून्य हो रहे थे। एक्टिव केसों की संख्या भी घटती जा रही थी। इस एक्टिव केस आने से अब विभाग अलर्ट हो गया है। अगस्त माह में तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। अब अगस्त माह आने में कुछ ही दिन शेष बचे है। ऐसे में विभाग ने सभी से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।
जिले में गुरुवार को एक एक्टिव केस आया है। इसलिए कोविड से सतर्क रहने की जरूरत है। वैक्सीनेशन जरूर करवाएं। टीकाकरण से ही हम अपना का बचाव कर सकते हैं।
डॉ. मधु गैरोला, सीएमओ