सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में रविवार की देर शाम अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटना में लखनऊ निवासी एक युवक समेत दो बाइक सवारों की मौत हो गई। वहीं, लखनऊ के दो और लोग बाइकों की भिड़ंत में घायल हो गए।
लखनऊ जिले के त्रिवेणी नगर निवासी संतोष कुमार (31) पुत्र देशराज बाइक से रविवार को बिसवां इलाके के झज्झर मोहल्ले में रिश्तेदारी में आया था। जहां से वह बाइक से घर जा रहा था। सिधौली इलाके में हाईवे पर कुचौरा बंगला गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, इससे बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। बक्शी का तालाब के पास एक निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी ओर कोतवाली इलाके के कस्बे से सटे अलादातपुर गांव निवास पुष्कर तिवारी (24) रविवार की देर शाम बाइक से सवार होकर सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर गैस एजेंसी के सामने मिश्रिख की ओर जा रहे थे, इस बीच तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, इससे बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। घायलावस्था में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसके अलावा सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर स्थित बाड़ी गांव के सामने तेज रफ्तार से जा रही दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में लखनऊ के सदर निवासी दीपक (27), दूसरी बाइक पर सवार राजेश पाल निवासी शहरी कांशीराम योजना लखनऊ गंभीर घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया, जहां से दोनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।