मानपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम दवा लेकर आ रही एक अधेड़ महिला की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मानपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मानपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर निवासिनी जगपति (55) पत्नी भरोसे की तबियत खराब होने के कारण वह अपने रिश्तेदार मुरली निवासी मरसंडा की बाइक से दवा लेकर वापस आ रही थी।
बजेहरा गांव के पास सड़क पर गड्ढा होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। तब तक सामने से दरिया भरकर आ रहा टैक्टर बाइक पर चढ़ गया जिससे बाइक पर बैठी जगपति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि मुरली बाल-बाल बच गया।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
सड़क हादसे में तीन घायल
रेउसा (सीतापुर)। शनिवार देर रात नशे में धुत बाइक सवार ने पैदल जा रहे युवक को ठोकर मार दी जिससे तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। रेउसा के ग्राम अकसोहा निवासी अर्पित किसी काम से रेउसा आया था।
काम निपटाने के बाद वह घर लौट रहा था। उधर रेउसा के भदमरा निवासी जितेंद्र व टिंकू बिना हेलमेट के रेउसा से बाइक से बिसवां की तरफ जा रहे थे। इस बीच बाइक ने अर्पित को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों तीन लोग जख्मी हो गए।